रुद्रप्रयाग आपदा: मुख्यमंत्री धामी ने कहा—हर घर तक राहत, हर राह सुरक्षित

रुद्रप्रयाग, 21 सितंबर।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुद्रप्रयाग जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान बसुकेदार क्षेत्र के तालजामण, डूंगर, बड़ेथ, जौला, कमद, उछोला, छैनागाड़, पटुय समेत अन्य गाँवों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। तत्पश्चात जिला पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मानसून के दौरान पूरे प्रदेश ने आपदा की गंभीर परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने प्रभावितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “आपदा पीड़ितों को हर संभव सहायता पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की तत्परता की सराहना की और अधिकारियों को आगामी 30 सितंबर तक अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और प्रभावित क्षेत्रों की समय-समय पर जानकारी लेने की प्रक्रिया की सराहना करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत के लिए 1200 करोड़ की धनराशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने नदी-नालों पर अतिक्रमण हटाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर कहा कि मानसून के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

जिलाधिकारी श्री प्रतीक जैन ने मुख्यमंत्री को जनपद में 28 अगस्त को आई आपदा और मानसून के दौरान प्रभावित क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने, राहत शिविरों में आश्रय देने, खाद्यान्न, रिफ्रेशमेंट किट, सोलर लाइट, कंबल, टेंट, तिरपाल, टॉर्च, चिकित्सा एवं मेडिकल सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। साथ ही, पशु क्षति, निजी संपत्ति और सड़क, पेयजल, विद्युत एवं कृषि भूमि पर हुए नुकसान की जानकारी भी दी गई।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को सड़क मार्गों पर हुए नुकसान, जवाड़ी बाईपास, सिरोबगड़, मुनकटिया, गौरीकुंड हाईवे और श्री केदारनाथ धाम पैदल मार्ग की स्थिति और सुधार कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण में अनुमानित यात्रियों की संख्या, हेली सेवाओं और व्यवस्थाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

इस अवसर पर विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी और विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने आपदा की घड़ी में मुख्यमंत्री की त्वरित कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुकसान और सड़क मार्ग निर्माण सहित अन्य समस्याओं के बारे में भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री के साथ चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, जिला पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस पहल ने प्रभावितों को राहत और आश्वासन दोनों दिया, साथ ही केदारनाथ धाम यात्रा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन को युद्धस्तर पर सक्रिय होने का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *