चौखुटिया में इलाज के नाम पर कांग्रेस असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदार: विकास भगत

गुटबाजी के कारण कांग्रेस विधायक समर्थकों के विरोध से हुए डॉक्टरों के ट्रांसफर स्थगित, जनता भुगत रही है “फैमिली डॉक्टर पॉलिटिक्स” का खामियाजा


देहरादून। अल्मोड़ा ज़िले के चौखुटिया क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य संकट को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत ने कहा कि जनता डॉक्टर मांग रही थी, सरकार ने डॉक्टर दे दिया, लेकिन कांग्रेस को इससे भी दिक्कत हो गई। चौखुटिया के लोग पिछले 24 दिनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलनरत थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता की आवाज़ सुनी और केवल 24 घंटे में बड़ा निर्णय लेते हुए सीएचसी को उप-जिला चिकित्सालय घोषित कर दिया, साथ ही डॉक्टरों की तैनाती के आदेश भी जारी किए।


कांग्रेस की गुटबाजी से जनता परेशान

सरकार की त्वरित कार्रवाई के बावजूद, कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी ने एक बार फिर जनहित पर राजनीति को तरजीह दी। विकास भगत ने बताया कि अल्मोड़ा जिला अस्पताल से डॉ. मनीष पंत और डॉ. कृतिका भंडारी (पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की नातिन) को चौखुटिया भेजा गया था। लेकिन आदेश जारी होते ही कांग्रेस में हलचल मच गई।

शनिवार को कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी करीब 200 समर्थकों के साथ सीएमओ ऑफिस पहुंच गए और वहां घेराव कर दिया। भगत ने कहा कि “ऑफिस को ही उन्होंने राजनीतिक वार्ड बना दिया।”


फैमिली डॉक्टर पॉलिटिक्स का नया अध्याय

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर “फैमिली डॉक्टर पॉलिटिक्स” का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता के इलाज की नहीं, बल्कि अपने नज़दीकी लोगों की पोस्टिंग की चिंता है। उन्होंने कटाक्ष किया कि “डॉ. कृतिका भंडारी का ट्रांसफर होते ही अचानक पैर में चोट लग जाती है और वो 15 दिन की मेडिकल लीव पर चली जाती हैं, लेकिन उनका मेडिकल सर्टिफिकेट देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल से बनता है — अब ये मेडिकल लीव है या मेडिकल मिस्ट्री, ये वही समझ सकते हैं जो राजनीति का इंजेक्शन हर इलाज में लगाते हैं।”


भाजपा का पलटवार: कांग्रेस जवाब दे कि जनता कब तक भुगतेगी

विकास भगत ने कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य के बयानों को हास्यास्पद बताया और कहा कि कांग्रेस को यह जवाब देना चाहिए कि जब डॉक्टरों की जरूरत नहीं थी, तो अस्पताल और डॉक्टरों को लेकर आंदोलन क्यों चलाया गया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस जनता के मुद्दों के प्रति न संवेदनशील है, न जवाबदेह। आंदोलन कर रही जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।”


सरकार कर रही इलाज, कांग्रेस फैला रही राजनीतिक संक्रमण

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी सरकार जनता के मुद्दों का “इलाज” कर रही है, जबकि विपक्ष हर इलाज में “राजनीति का इंजेक्शन” लगा रहा है। चौखुटिया का अस्पताल अब उप-जिला चिकित्सालय बन गया है, लेकिन विपक्ष की मानसिक हालत अभी भी पुराने वार्ड में भर्ती दिख रही है।

विकास भगत ने कहा कि “कांग्रेस की यही दोहरी नीति और गैर-जिम्मेदाराना रवैया उसे जनता से दूर करता जा रहा है। जो खुद गुटबाजी में उलझी है, वह जनता के घाव कैसे भरेगी?”

One thought on “चौखुटिया में इलाज के नाम पर कांग्रेस असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदार: विकास भगत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *