🛑 केदारनाथ, 23 अक्तूबर 2025
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदारनाथ के सम्मुख की विशेष पूजा-अर्चना
शीतकाल के लिए श्री केदारनाथ धाम के कपाट गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं केदारनाथ पहुँचे और बाबा केदारनाथ के चरणों में नमन करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “इस वर्ष अभूतपूर्व संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन हेतु पधारे हैं, यह सनातन आस्था की अटूट शक्ति और विश्वास का परिचायक है।”

केदारनाथ में पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने श्री केदारनाथ धाम परिसर में चल रहे निर्माण तथा पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी वर्ष 2026 की यात्रा के लिए पूर्व-योजना बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा मार्गों तथा मानसखंड क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का तेज़ी से विकास किया जा रहा है। केदारपुरी में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के साथ ही आधारभूत ढाँचे को सुदृढ़ बनाने के कार्य प्रगति पर हैं।
चारधाम यात्रा: आस्था का संगम और उत्तराखण्ड की पहचान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार के सुव्यवस्थित प्रयासों से इस वर्ष की चारधाम यात्रा सफलतापूर्वक और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिकी को सशक्त करने का माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों, स्थानीय व्यापारियों तथा तीर्थयात्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता से ही यात्रा प्रबंधन सुचारू रूप से सम्पन्न हो सका है।

बाबा केदार का आशीर्वाद: उत्तराखण्ड का गौरव और आध्यात्मिक उत्कर्ष
मुख्यमंत्री ने कहा—
“इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पधारे हैं। बाबा केदारनाथ के धाम की यात्रा अब सकुशल सम्पन्न हो चुकी है। हम सब पर बाबा केदार का आशीर्वाद सदैव बना रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड को सनातन धर्म की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने हेतु सतत् प्रयत्नशील है।”
