मतदाता मैपिंग पर जोर, देहरादून में बीएलओ से सीधा संवाद

एसआईआर की संभावनाओं को देखते हुए अभी से तैयारी

देहरादून में शुक्रवार को सचिवालय में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता मैपिंग को अधिक प्रभावी बनाना और फील्ड स्तर पर आ रही व्यावहारिक समस्याओं को समझना रहा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चल रहा है और निकट भविष्य में उत्तराखंड में भी यह अभियान संचालित किया जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार चरणबद्ध तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।


आउटरीच और मैपिंग कार्यों की नियमित समीक्षा पर जोर

बैठक में बताया गया कि मतदाताओं की प्रभावी मैपिंग के लिए आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा किए जा रहे संपर्क कार्यों की नियमित समीक्षा बेहद जरूरी है। बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, एईआरओ और ईआरओ के बीच बेहतर आपसी समन्वय से ही मैपिंग का कार्य समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा किया जा सकता है।


फील्ड से मिला फीडबैक, समस्याओं के समाधान के निर्देश

विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ ने मैपिंग के दौरान आ रही चुनौतियों और समस्याओं को साझा किया। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईआरओ को इन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए ताकि फील्ड स्तर पर कार्य प्रभावित न हो।


ट्रेनिंग मैटीरियल को सरल और डिजिटल बनाने की पहल

बैठक में बीएलओ को दी जाने वाली ट्रेनिंग सामग्री को और अधिक सरल बनाने पर भी चर्चा हुई। निर्देश दिए गए कि प्रशिक्षण सामग्री को वीडियो फॉर्मेट में तैयार किया जाए, जिससे फील्ड में कार्य कर रहे कर्मियों को प्रक्रिया समझने में आसानी हो। इसके साथ ही सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने संबंधी जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने की अपील की गई।


बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, ईआरओ गौरव चटवाल, स्मृता परमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र त्रिपाठी, एईआरओ देहरादून सुरेंद्र सिंह, अभिलाषा भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

2 thoughts on “मतदाता मैपिंग पर जोर, देहरादून में बीएलओ से सीधा संवाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *