भारी बारिश की चेतावनी के बीच चमोली में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र कल रहेंगे बंद

उत्तराखंड के चमोली जनपद में मौसम विभाग द्वारा जारी तीव्र से अति वर्षा की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन कदम उठाए गए हैं। जिला प्रशासन ने गुरुवार, 7 अगस्त को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।

यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक के सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू रहेगा। चमोली के जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और संभावित आपदा से बचाव के उद्देश्य से लिया गया है।

प्रशासन ने विद्यालयों के प्रबंधकों से अनुरोध किया है कि वे आदेश का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें और अभिभावकों से भी अपील की गई है कि बच्चे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। जिले में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कुछ स्थानों पर भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

आपदा प्रबंधन दलों को सतर्क रखा गया है और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे मौसम अपडेट्स पर नजर बनाए रखें और आवश्यक सावधानियां बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *