देहरादून, उत्तराखंड – 30 सितंबर 2025:
राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में अराजकता फैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इस पूरे घटनाक्रम पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि “प्रदेश में किसी भी प्रकार की धार्मिक कट्टरता और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने बयान जारी करते हुए कहा –
“देहरादून के पटेल नगर में अराजकता फैलाकर प्रदेश का माहौल खराब करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। देवभूमि उत्तराखंड की शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
सूत्रों के मुताबिक, रविवार को विशेष समुदाय के कुछ लोग पटेल नगर बाजार चौकी पर जमा हो गए और पुलिस के खिलाफ हंगामा करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर किया।
इस दौरान 19 वर्षीय युवक को धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में हिरासत में लिया गया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रशासन का कहना है कि “कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसएसपी देहरादून ने दो टूक कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो पुलिस कड़े से कड़ा कदम उठाएगी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है और कहा कि देवभूमि की शांति और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को सख्त दंड मिलना ही चाहिए।