सांकरी में विंटर फेस्टिवल का आगाज
उत्तरकाशी जिले के सांकरी में केदारकांठा पर्यटन तीर्थाटन शीतकालीन महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विंटर फेस्टिवल की शुरुआत करते हुए पर्यटक दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बर्फीली वादियों और उत्सव के माहौल के बीच सांकरी एक बार फिर शीतकालीन पर्यटन के केंद्र में नजर आया।
सांकरी: गांव नहीं, संस्कृति का जीवंत संग्रहालय
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सांकरी केवल एक गांव नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का जीवंत संग्रहालय है। यहां की पारंपरिक लकड़ी की वास्तुकला, लोकगीत, लोकनृत्य और पहाड़ी जीवनशैली राज्य की विशिष्ट पहचान को दर्शाती है। उन्होंने पहली बार सांकरी आगमन पर स्थानीय लोगों के स्नेह और उत्साह के लिए आभार व्यक्त किया।
विकास भी–विरासत भी की सोच
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव आस्था, संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान का उत्सव है, जो “विकास भी–विरासत भी” की सोच को जमीन पर उतारता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शीतकालीन यात्रा के आह्वान के बाद केदारकांठा, हर्षिल, औली, मुनस्यारी और सांकरी जैसे क्षेत्रों में शीतकालीन पर्यटन को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।
पलायन पर ब्रेक, रोजगार को रफ्तार
शीतकालीन पर्यटन से सीमांत गांवों में पलायन रुक रहा है और स्थानीय युवाओं को नए रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। ट्रेकिंग गाइड, होम-स्टे, होटल, लोक कलाकार, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव बताया।
उत्तरकाशी में विकास कार्यों की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। उत्तरकाशी में पार्किंग निर्माण, सड़क परियोजनाएं, पुरोला उप जिला चिकित्सालय और तिलोथ विद्युत गृह जैसी योजनाएं इसका उदाहरण हैं।
संकल्प और संवेदनशीलता का प्रतीक
सिलक्यारा टनल हादसे का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 दिनों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की संवेदनशीलता और मजबूत संकल्प का प्रतीक है। सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक मूल्यों, कानून व्यवस्था और पारदर्शिता को भी समान रूप से मजबूत कर रही है।

नीतियों से बदला उत्तराखंड का चेहरा
समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने शीतकालीन पर्यटन को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उत्तराखंड में जड़ी-बूटी से अर्थव्यवस्था जोड़ने की तैयारी
विधायक की मांगें, सरकार का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश लाल ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगों का मांग पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मांगों का परीक्षण कर यथा संभव घोषणाओं में शामिल किया जाएगा। तटाउ महाविद्यालय सड़क मार्ग को भी घोषणा में सम्मिलित करने की बात कही गई।
सांकरी: विश्व पर्यटन मानचित्र की ओर
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि हरकीदून, केदारकांठा, भराड़सर, देवक्यारा, चांईशील और सरूताल जैसे विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का मुख्य केंद्र सांकरी है। विंटर फेस्टिवल के माध्यम से यहां की संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन और पारंपरिक मेहमाननवाजी से देश-विदेश के पर्यटकों को परिचित कराया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों और पर्यटकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जा राज्य मंत्री जगत सिंह चौहान, सीडीओ जयभारत सिंह, एसडीएम मुकेशचंद रमोला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग और पर्यटक उपस्थित रहे।