मारवाड़ का मरुकुंभ सुईयां मेला : 7 साल के बाद बने पंचयोग में श्रद्धालु यहां कर रहे हैं पवित्र स्नान

रेगिस्तानी इलाके बाड़मेर जिले के चौहटन में आयोजित हो रहे मरुकुंभ सुईयां मेले को लेकर श्रद्धालुओं की रेलमपेल लगी हुई है. 7 साल के बाद बने पंचयोग यानी पौष मास, अमावस्या, सोमवार, व्यातिपात योग और मूल नक्षत्र सुबह 6 बजे के बाद पहाड़ियों के झरने से आने वाले पानी से कड़ाके की सर्दी में भी श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया और सोमवार शाम 5 बजे तक लाखों श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान है.

इससे पहले रविवार रात यहां भजन संध्या, अग्नि नृत्य का भी आयोजन हुआ. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. इसके बाद सोमवार सुबह 4 बजे से श्रद्धालु स्नान करने पहुंच गए. इस मेले को लेकर श्रद्धालुओं में बड़ा उत्साह देखा जा रहा है. बच्चे भी मेले में लगे झूलों का लुत्फ उठा रहे हैं. सोमवार सुबह श्रद्धालु नाचते गाते चौहटन कस्बे में स्थित सुईयां धाम पहुंचे और पहाड़ी पर स्थित सुईयां, कपालेश्वर व विष्णु पगलिया मंदिर में दर्शन किए. चौहटन में पहुंचने वाले सभी रास्ते रविवार शाम से ही जाम रहे. भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ करीब 5-5 किमी पैदल चलकर मेले में पहुंच रही है. मेले को लेकर डूंगरपुरी मठ और जिला प्रशासन की ओर से माकूल व्यवस्थाए की गई हैं.

जिला कलेक्टर टीना डाबी और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा खुद मेले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि पांडवों की तपोभूमि चौहटन में अर्द्ध कुंभ पोषण मेला प्रारंभ हो चुका है. मेले में श्रृद्धालुओं को किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.

पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र मीना के नेतृत्व में पुलिस का पूरा जाप्ता लगा हुआ है, जो पार्किंग से लेकर ट्रैफिक और क्राउड मैनेजमेंट को संभाले हुए है. मठ परिसर में एक कंट्रोल रूम बना रखा है, जहां उपखंड अधिकारी कुसुमलता चौहान निगरानी कर रही हैं. इसके साथ ही जिले के आधा दर्जन एसडीएम सहित प्रशासन के अधिकारी मॉनटरिंग कर रहे हैं. जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि यहां इस मेले में लाखों लोगों के पहुंचने का अनुमान है, जिसको देखते में रखते हुए मेला कमेटी के साथ पुलिस और प्रशासन ने पूरी तैयारियां की हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *