डोईवाला में धरना दे रहे व्यापारियों के बीच पहुंचे प्रेमचंद अग्रवाल, कहा फिर अच्छे दिए आएंगे, आगे बढ़ेंगे

इस्तीफा देने वाले मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के समर्थन में आज डोईवाला व्यापार संघ ने बाजार बंद की घोषणा की थी. अपनी घोषणा के अनुसार व्यापारियों ने आज सुबह से अपनी दुकानें बंद रखीं. व्यापारियों ने डोईवाला चौक पर धरना-प्रदर्शन करते हुए सीएम धामी से प्रेमचंद अग्रवाल का इस्तीफा वापस लेने की मांग की. अचानक प्रेमचंद अग्रवाल धरना-प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गए. अपने बीच प्रेमचंद अग्रवाल को पाकर प्रदर्शनकारियों ने उनके समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी.

प्रेमचंद अग्रवाल ने माइक थामा. अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने भारत माता की जय के नारे से की. उन्होंने धरना स्थल पर मौजूद सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि, मुझे जैसे ही पता चला कि आप लोगों ने मेरे त्यागपत्र के बाद अपने प्रतिष्ठान बंद किए हैं. रोष जाहिर किया है. मैं आपसे हाथ जोड़ने के लिए आपका धन्यवाद अदा करने के लिए यहां पहुंचा हूं. आपसे एक प्रार्थना कर रहा हूं- कहा जाता है कि ना मेरा कुछ था, ना है. और यदि पाया है तो वो आप लोगों का प्यार पाया है.

प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी जो प्यार मिल रहा है, मैं उसका दिल की गहराइयों से धन्यवाद कर रहा हूं. ठीक है आपका गुस्सा कुछ हद तक जायज हो सकता है. लेकिन ठीक है- हम लोगों को जिस प्रदेश के हम निवासी हैं, उसके विकास और उसे आगे बढ़ाने में लगना है. ऋषिकेश में भी कुछ लोग गुस्से में हैं. मैं वहां भी जा रहा हूं. मैं आपसे हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि आप लोग अपने प्रतिष्ठान खोल दें.

गौरतलब है कि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बजट सत्र के दौरान एक ऐसा बयान दे दिया था, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क गया था. उस बयान के बाद से लोग उनके इस्तीफे की मांग करने लगे थे. तभी से राज्य में लगातार धरना-प्रदर्शन हो रहे थे. राज्य सरकार पर प्रेमचंद अग्रवाल को मंत्रिमंडल से हटाने का दबाव बढ़ता जा रहा था. विपक्ष भी लगातार प्रेमचंद अग्रवाल का इस्तीफा मांग रहा था. आखिरकार प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को सीएम धामी को अपना इस्तीफा सौंप दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *