अजय भट्ट ने कहा—भारतीय मानक ही विश्व में भारत की पहचान, BIS के मानक महोत्सव में दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश

रुद्रपुर, 7 अक्टूबर 2025।

विश्व मानक दिवस–2025 के अवसर पर रुद्रपुर के होटल रेडिसन ब्लू में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून शाखा द्वारा आयोजित “मानक महोत्सव” में सांसद (नैनीताल–उधम सिंह नगर) एवं भारत सरकार के पूर्व मंत्री श्री अजय भट्ट ने कहा कि भारतीय मानक ही भविष्य में भारत की पहचान बनेंगे। उन्होंने कहा कि मानक किसी भी उत्पाद की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा का आधार हैं—और यही भारतीय उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे ले जा सकते हैं।

उन्होंने उद्योग जगत से ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि “यदि हम अपने उत्पादों को भारतीय मानकों पर ढालते हैं, तो दुनिया को भारतीय गुणवत्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ेगा।”

BIS की पहल पर सराहना करते हुए, श्री भट्ट ने रजत (Silver) की हॉलमार्किंग में HUID प्रणाली को शामिल करने के निर्णय की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह कदम आभूषण उद्योग में पारदर्शिता लाएगा और उपभोक्ता विश्वास को सशक्त करेगा। “यह प्रणाली केवल हॉलमार्किंग तक सीमित नहीं, बल्कि उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और व्यापारिक ईमानदारी की दिशा में ऐतिहासिक बदलाव है,” उन्होंने कहा।

कार्यक्रम में श्री भट्ट ने BIS को सुझाव दिया कि वह अपने उत्पादों, योजनाओं और प्रमाणन प्रक्रियाओं के प्रति और अधिक जनजागरूकता अभियान चलाए, ताकि लघु व मध्यम उद्योग भी इससे जुड़कर अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर सकें।

BIS देहरादून शाखा के प्रमुख श्री सौरभ तिवारी ने बताया कि विश्व मानक दिवस–2025 की थीम “सतत विकास लक्ष्य (SDG-17) – लक्ष्य प्राप्ति में सामूहिक साझेदारी” है। उन्होंने कहा कि BIS उद्योग, उपभोक्ता और सरकार के बीच साझेदारी को मजबूत कर सतत विकास की दिशा में काम कर रहा है।

इस अवसर पर V-Guard Industries, Karam Safety Pvt. Ltd. और Greenpanel Limited ने अपने मानकीकरण अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे मानकों के पालन से उनके उद्योगों ने टिकाऊ विकास के नए आयाम प्राप्त किए।

समारोह के दौरान BIS स्टैंडर्ड क्लब के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, समूह नृत्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से “गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता” का संदेश दिया।
कार्यक्रम में 150 से अधिक औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और BIS की विभिन्न योजनाओं — प्रमाणन, हॉलमार्किंग और रजिस्ट्रेशन स्कीम — पर गहन चर्चा की।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें BIS के मिशन “शुद्धता की प्रतिबद्धता के साथ देश का विकास” को जनआंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *