देहरादून, 23 सितम्बर 2025।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड सरकार ने त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए राज्यव्यापी विशेष अभियान शुरू किया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सभी जिलों में एक साथ छापेमारी और जांच की जाएगी।
किन उत्पादों पर निगरानी
स्वास्थ्य सचिव व आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि दूध, घी, तेल, मिठाई, मसाले, आटा, बेसन और सूखे मेवे जैसे उत्पादों पर विशेष नज़र रहेगी। निर्माण इकाइयों से लेकर थोक व खुदरा दुकानों और ट्रांसपोर्ट चैनल से भी नमूने लिए जाएंगे।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
डॉ. कुमार ने कहा कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशालाओं में भेजे जाएंगे और दोषी पाए जाने पर एफआईआर, लाइसेंस रद्द करने व धारा-32 के तहत मुकदमे जैसी कार्रवाई की जाएगी। प्रयोगशालाओं को हर सप्ताह रिपोर्ट मुख्यालय भेजनी होगी।
जनता के लिए हेल्पलाइन
विभाग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन और WhatsApp नंबर जारी किए हैं, जिन पर उपभोक्ता सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सभी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई होगी और सोशल मीडिया व मीडिया प्लेटफॉर्म पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि त्योहारों के समय जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।