मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों पर कसी नकेल, हर शनिवार चलेगा विशेष अभियान

मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसने के लिए सघन अभियान की शुरुआत कर दी है। अब हर शनिवार को विशेष टास्क फ़ोर्स विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण करेगी। इस दौरान जहां भी अवैध निर्माण पाए जाएंगे, वहां नोटिस जारी कर त्वरित कार्रवाई होगी। ज़रूरत पड़ने पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण भी किया जाएगा।

यदि शनिवार को अवकाश रहेगा तो यह कार्रवाई शुक्रवार को होगी।

कहां होगी कार्रवाई?

एमडीडीए ने क्षेत्रों का कैलेंडर तय कर दिया है—

  • 20 सितम्बर: पछवादून के डाकपत्थर, विकासनगर और हरबर्टपुर
  • 27 सितम्बर: सहसपुर, भाऊवाला और सेलाकुई

टास्क फ़ोर्स को हर दौरे में कम से कम 10 अवैध निर्माण सील या ध्वस्त करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए हर क्षेत्र में सहायक अभियंता, अवर अभियंता और सुपरवाइज़र को नामित किया गया है। ये अधिकारी सुबह 10 बजे तक हरबर्टपुर कैंप कार्यालय में जुटकर कार्रवाई शुरू करेंगे।

एमडीडीए की सख़्त चेतावनी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने साफ कहा है कि अवैध निर्माण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है, “नियमानुसार विकास ही हमारी प्राथमिकता है। टास्क फ़ोर्स को सख़्ती से कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।”

उन्होंने जनता से अपील की है कि निर्माण कार्य करते समय नियमों का पालन करें, ताकि भविष्य में किसी तरह की कार्रवाई से बचा जा सके।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्राधिकरण ने साफ किया है कि यह अभियान केवल कुछ क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में अन्य सेक्टरों में भी इसी तरह का औचक निरीक्षण और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *