उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 61 हजार करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड सड़क बनने जा रही है. यह एलिवेटेड सड़क सड़क रिस्पना और बिंदाल नदी पर बनने जा रही है. जिसके लिए एलिवेटेड रोड की जद में आने वाली जगहों और मकानों पर लाल निशान लगना शुरू हो गया है. साथ ही इस क्षेत्र की तमाम रजिस्ट्रियों को भी जल्द सीज किया जाएगा.
देहरादून की बिंदाल, रिस्पना नदी पर बनने जा रहे एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है. इसी कड़ी में आज रिस्पना और बिंदाल नदी पर बनने वाले इस एलिवेटेड प्रोजेक्ट की जद में आने वाले मकानों दुकानों और तमाम संपत्तियों पर निशान लगना शुरू हो गया है. लोक निर्माण विभाग की सर्वे टीम फील्ड में मौजूद है. उनके साथ विभागीय इंजीनियर भी हैं.
बता दें, बिंदाल नदी पर बनने वाले 15 किलोमीटर के एलिवेटेड रोड के चलते कारगी ग्रांट, ब्राह्मण वाला, निरंजनपुर, कमली रोड, देहरा खास, डोभाल वाला, चुक्खू मोहल्ला, विजयपुर, हाथीबड़कला जौहरी मलसीस और किशनपुर सहित डाकपत्ति वाला क्षेत्र प्रभावित होगा. यहां पर जमीनों का अधिग्रहण किया जाना है. रिस्पना नदी के ऊपर बनने वाले 11 किलोमीटर के एलिवेटेड रोड के चलते धर्मपुर, डालनवाला, कंडोली, झज्जरा, धोरन खास, भगत सिंह कॉलोनी, राजीव नगर इत्यादि इलाकों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी.
देहरादून में ट्रैफिक की बढ़ती समस्या को देखते हुए लोग निर्माण विभाग ने शहर के ट्रैफिक मोबिलाइजेशन को लेकर यह प्रोजेक्ट धरातल पर उतारने का फैसला किया है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू होने के बाद एक साल के भीतर यह निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा. इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत तकरीबन 61000 करोड़ रुपए है. बिंदल नदी पर बनने वाले एलिवेटेड रोड की अनुमानित लागत 4000 करोड़ रुपए और रिस्पना नदी पर बननी वाले एलिवेटेड रोड की कीमत 2100 करोड़ रुपए रखी गई है.