सपा विधायक पूजा पाल ने योगी की तारीफ की, अखिलेश ने पार्टी से निकाला

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी की विधायक पूजा पाल को निष्कासित कर दिया। यह फैसला उस बयान के बाद आया जिसमें पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर अतीक अहमद जैसे अपराधियों को ‘मिट्टी में मिला’ दिया और मुझे समेत कई महिलाओं को न्याय दिलाया।

पूजा पाल का यह बयान उत्तर प्रदेश विधानसभा में ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर चल रही 24 घंटे की विशेष चर्चा के दौरान आया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर यह साबित किया है कि न्याय केवल पूजा पाल को नहीं, बल्कि पूरे प्रयागराज को मिला है।” उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

निष्कासन के बाद पूजा पाल ने कहा, “मैं आज भी अपने बयान पर कायम हूं। विधायक मैं बाद में बनी, पहले एक पीड़ित महिला और पत्नी हूं। मेरे पति की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उस समय मैं नई-नवेली दुल्हन थी और मेरे घर पर कोई सहारा नहीं था। सीएम योगी ने मुझे और मेरे जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाया, इसलिए मैंने उनकी तारीफ की। अगर यह पार्टी लाइन के खिलाफ है, तो मैं वही करूंगी जो सही है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं प्रयागराज की उन माताओं-बहनों की आवाज हूं जिन्होंने अपने अपनों को खोया है। उन्हीं ने मुझे विधानसभा भेजा है। अतीक अहमद के आतंक से पूरा इलाका परेशान था और सीएम योगी ने इस आतंक का अंत किया। मैंने यह बात पहले दिन से कही है, चाहे मैं पार्टी में रही हूं या आज निकाली गई हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *