रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में आपदा का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार देर शाम रुद्रप्रयाग और श्रीनगर के बीच अचानक हुए भीषण भूस्खलन ने सबको दहला दिया। इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी मौके पर मौजूद थे और बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचा पाए।
सबसे पहले और सटीक खबरें पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें
👉 अभी ज्वाइन करें (Join Now)जानकारी के अनुसार, सांसद बलूनी आपदा प्रभावित जिलों—चमोली और रुद्रप्रयाग—का दौरा करने के बाद वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में पहाड़ से अचानक बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर गिर पड़े। स्थिति इतनी खतरनाक थी कि देखते ही देखते पूरा रास्ता मलबे से पट गया। गनीमत रही कि सांसद समय रहते वाहन से उतरकर सुरक्षित स्थान पर चले गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना इतनी भयावह थी कि वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मौके को सुरक्षित किया।
सांसद अनिल बलूनी ने घटना के बाद कहा कि उत्तराखंड की आपदा की चुनौती बेहद गंभीर है और सरकार हर स्तर पर प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ा रही है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट समेत कई नेताओं ने घटना की जानकारी मिलने पर सांसद बलूनी के सुरक्षित होने पर राहत व्यक्त की।
