मुख्यमंत्री ने की जी.एस.टी. की नई दरों और स्वदेशी अभियान पर जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रदेश के सभी मंत्रियों, विधायकगणों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल माध्यम से जी.एस.टी. की नई दरों और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाले अभियान पर समीक्षा बैठक की।

सबसे पहले और सटीक खबरें पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

👉 अभी ज्वाइन करें (Join Now)

मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 सितंबर से देशभर में जी.एस.टी. की नई दरें लागू होंगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का विशेष आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बैठक में स्पष्ट किया कि नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारिक समुदाय तक तेजी से पहुँचना चाहिए। इसके लिए उत्तराखंड में 22 से 29 सितंबर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान का नेतृत्व करें। प्रभारी मंत्री अपने-अपने जनपदों में और विधायकगण अपनी-अपनी विधानसभाओं में कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जी.एस.टी. की संशोधित दरों से प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी और “वोकल फ़ॉर लोकल” तथा “लोकल टू ग्लोबल” के तहत उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने हाउस ऑफ हिमालयाज, जी.आई. टैग प्राप्त 27 उत्पाद, और एक जनपद-दो उत्पाद योजना जैसे स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों के माध्यम से स्वरोज़गार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।

सीएम ने कहा कि अभियान केवल प्रचार तक सीमित न रहे बल्कि आमजन की सहभागिता और जनभागीदारी भी सुनिश्चित हो। इसके लिए नुक्कड़ नाटकों, लोकगीतों और अन्य सांस्कृतिक माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही, मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों का उपयोग कर नागरिकों और व्यवसायियों तक व्यापक जानकारी पहुँचाई जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों और निकायों को निर्देश दिए कि वे ग्राम सभाओं और नगर निकायों में बैठकें आयोजित करें ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों तक जानकारी पहुँच सके। उद्योग विभाग को भी जी.आई. टैग वाले उत्पादों और “एक जनपद-दो उत्पाद योजना” को बाज़ारोन्मुख और सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई जी.एस.टी. दरें लागू होने के बाद व्यापार सुगमता बढ़ेगी, उपभोक्ताओं और उत्पादकों दोनों को इसका लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादकता, विपणन और पारदर्शिता बढ़ेगी और छोटे उद्यमी भी राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जुड़ पाएंगे।

बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने जी.एस.टी. की नई दरों से आमजन और व्यवसायियों को होने वाले लाभों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्रीमती रेखा आर्या, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा जताई कि वे स्वयं इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएँ और इसे जन अभियान का स्वरूप दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की आर्थिक शक्ति को बढ़ाने में हर नागरिक का योगदान महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com