मुख्यमंत्री इन एक्शन : राज्य स्थापना दिवस के लिए अधिकारियों को सख़्त संदेश

देहरादून, 3 अक्तूबर।

सबसे पहले और सटीक खबरें पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

👉 अभी ज्वाइन करें (Join Now)

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर इस बार तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिए। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ कहा कि 09 नवंबर को होने वाले राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम प्रदेश की जनता की भागीदारी के साथ भव्य और प्रभावी होने चाहिए।

जनभागीदारी पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस बार आयोजन मात्र औपचारिकता न रह जाए, बल्कि आम जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने का यह सुनहरा अवसर है, जिसे प्रभावी कार्ययोजना बनाकर सार्थक बनाया जाना चाहिए।

नन्दा राज जात यात्रा मार्गों की व्यवस्था

बैठक में मुख्यमंत्री ने नन्दा राज जात यात्रा मार्गों के रखरखाव और रात्रि पड़ावों पर अवस्थापना सुविधाओं को विकसित करने की कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यात्रा की गरिमा बनाए रखने के लिए गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था बेहद जरूरी है।

आपदा प्रबंधन और यातायात नियंत्रण

मुख्यमंत्री ने हाल ही में आई आपदा के दौरान अधिकारियों द्वारा किए गए त्वरित राहत और बचाव कार्यों की सराहना की। साथ ही शहरी क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए ठोस रणनीति बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सामग्री में मिलावटखोरी रोकने हेतु विशेष अभियान सघनता से चलाने पर भी जोर दिया।

विकास योजनाओं और सड़क मरम्मत पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निर्माण और नव-निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की कार्य प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने और 31 अक्तूबर तक सभी पैच वर्क कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने को भी कहा।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक श्री ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com