‘बिल लाओ, इनाम पाओ’ योजना के मेगा ड्रॉ विजेताओं की घोषणा — अब वेबसाइट पर देखें पूरी सूची

देहरादून, 3 नवंबर 2025

राज्य कर विभाग की “बिल लाओ इनाम पाओ” (BLIP) योजना के तहत आयोजित मेगा ड्रॉ के विजेताओं के नामों की घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 31 अक्टूबर 2025 को की गई। यह जानकारी विशेष आयुक्त (राज्य कर) आई.एस. बृजवाल ने दी।

बृजवाल ने बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को उनके द्वारा लिए गए जीएसटी बिलों के आधार पर इनाम जीतने का मौका दिया जाता है। योजना का उद्देश्य नागरिकों को बिल लेने के प्रति जागरूक करना और राज्य की कर पारदर्शिता को मजबूत करना है।


BLIP ऐप अब अस्तित्व में नहीं, जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध

राज्य कर विभाग द्वारा पहले मासिक पुरस्कारों की घोषणा BLIP मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाती थी। हालांकि अब यह ऐप अस्तित्व में नहीं है। बृजवाल ने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मेगा ड्रॉ के विजेताओं की पूरी सूची विभाग की वेबसाइट www.uk.gst.gov.in पर अपलोड कर दी गई है।


पुरस्कार वितरण की सूचना शीघ्र होगी जारी

विशेष आयुक्त ने बताया कि विजेताओं को पुरस्कार वितरण की तिथि एवं प्रक्रिया की सूचना पृथक रूप से प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग नागरिकों को जीएसटी बिल लेने और सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है, ताकि टैक्स चोरी पर रोक और पारदर्शी कर प्रणाली को बढ़ावा मिल सके।


BLIP योजना से जनता में कर जागरूकता

‘बिल लाओ इनाम पाओ’ जैसी योजनाओं ने आम नागरिकों में कर जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। नागरिकों की भागीदारी से राज्य की जीएसटी प्रणाली अधिक सशक्त और पारदर्शी बन रही है।

राज्य कर विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे खरीदारी के बाद हमेशा जीएसटी बिल अवश्य लें और राज्य के राजस्व सुधार अभियान में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *