देहरादून में मौसम ने एक बार फिर से अपना प्रकोप दिखा दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा 11 अगस्त 2025 को जारी ताज़ा मौसम नाउकास्ट के मुताबिक, जनपद में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और अति तीव्र वर्षा के दौर की संभावना जताई गई है। इसी के मद्देनज़र ‘ऑरेंज’ अलर्ट घोषित किया गया है।
सबसे पहले और सटीक खबरें पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें
👉 अभी ज्वाइन करें (Join Now)बारिश से बढ़ा भूस्खलन और बाढ़ का खतरा
वर्तमान में जिले के विभिन्न हिस्सों में हो रही मध्यम से भारी बारिश के चलते भूस्खलन और फ्लैश फ्लड (त्वरित बाढ़) की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि संवेदनशील इलाकों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

आपदा न्यूनीकरण के तहत, जिला प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, निजी स्कूल और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 11 अगस्त 2025 को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है।
यह आदेश न केवल छात्रों बल्कि स्कूल प्रबंधन और सभी कार्मिकों पर भी लागू होगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि इस आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक घर से बाहर न निकलें, नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और मौसम संबंधी अपडेट पर नज़र बनाए रखें।
