डोडीताल यात्रा होगी आसान, जिलाधिकारी ने खुद संभाली कमान–लापरवाही पर सख्त चेतावनी

उत्तरकाशी, 21 सितंबर 2025।

सबसे पहले और सटीक खबरें पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

👉 अभी ज्वाइन करें (Join Now)

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने रविवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए गंगोरी-अगोड़ा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGYSY) की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों और मोटर पुलों के सुधारात्मक व सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने चिंवा, नौगांव, डिंगला पुल, संगमचट्टी, गजोली गांव के समीप और गियांगाड़ क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित मार्गों का सुधार कार्य समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित हो, ताकि ग्रामीणों और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम आवाजाही मिल सके।

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डोडीताल यात्रा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने संगमचट्टी से अगोड़ा होते हुए डोडीताल ट्रेक मार्ग का भी निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पर्यटन विकास अधिकारी और प्रभागीय वनाधिकारी को संयुक्त टीम बनाकर मार्ग का आकलन कर जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने को कहा। डीएम ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने पीएमजीएसवाई के अभियंताओं को चेताया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कार्य पूरी जिम्मेदारी से संपन्न हों।

निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी, अपर सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई शिवराज रावत, सहायक अभियंता शार्दूल असवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com