उत्तराखंड में 30 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो गई है. आज सुबह 7 बजे विधि-विधान के साथ बाबा केदारनाथ के कपाट खुल गये हैं. इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद इस दिव्य और भव्य मौके के साक्षी बने. इस दौरान सीएम धामी भक्ति के रंग में रंगे नजर आये.
सबसे पहले और सटीक खबरें पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें
👉 अभी ज्वाइन करें (Join Now)केदारनाथ के कपाट खुलने से मौके पर सीएम धामी खुद धाम में मौजूद थे. इस दौरान उनकी पत्नी गीता धामी भी उनके साथ रही. केदारनाथ के कपाट खुलने के बाद सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से बाबा केदार की प्रथम पूजा की. साथ ही बाबा केदार का सम्पूर्ण विधि-विधान के साथ अभिषेक व अर्चना की.
बाबा केदार के कपाटोद्घाटन के मौके पर सीएम धामी ने समस्त राज्यवासियों के सुख-समृद्धि एवं प्रदेश की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की.
साथ ही सीएम धामी ने कपाटोद्घाटन कार्यक्रम में सम्मिलित श्रद्धालुओं को संबोधित भी किया. इस दौरान सीएम धामी ने कहा प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वादियों, हिमालय की गोद में बसे श्री केदार के दिव्य धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा हर बार मन को एक नई शक्ति, शांति और भक्ति से भर देती है. उन्होंने कहा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सड़क, हेलीपैड, घाट, यात्री निवास, आधुनिक पथ निर्माण एवं आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं को नए मानकों पर सुदृढ़ किया गया है.
