रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड: केदारनाथ धाम की यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार रात एक बड़ा खतरा उस वक्त उत्पन्न हो गया, जब सोनप्रयाग के समीप अचानक भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से अचानक गिरे मलबे के कारण रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और करीब 40 तीर्थयात्री रात करीब 10 बजे से वहां फंसे रह गए।
सबसे पहले और सटीक खबरें पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें
👉 अभी ज्वाइन करें (Join Now)घटना की जानकारी मिलते ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
SDRF के एक अधिकारी ने बताया, “मौसम की वजह से रास्ता अत्यंत संवेदनशील हो गया है और सोनप्रयाग के पास अचानक भूस्खलन हुआ। सूचना मिलते ही हमारी टीम ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।”
घटना के बाद प्रशासन ने केदारनाथ मार्ग पर यात्रा को कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया और संबंधित क्षेत्रों में भूस्खलन की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
इस क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं आम होती जा रही हैं। प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करें, और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
केदारनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं के लिए यह एक चेतावनी है कि हिमालयी मार्गों पर मौसम कभी भी करवट बदल सकता है और प्राकृतिक आपदाएं बड़ी चुनौती बन सकती हैं।
