केकड़ी में अभी तक 500 करोड़ रुपयों के निवेश पर हुई सहमति, 28 को जिलास्तरीय कार्यक्रम

राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी अभियान राइजिंग राजस्थान समिट के तहत केकड़ी जिले में भी अधिक से अधिक निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार कड़ी मेहनत की जा रही है। शुक्रवार को जिला कलेक्टर श्वेता चौहान की अध्यक्षता में राइजिंग राजस्थान समिट के आयोजन की तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर चौहान ने बताया कि केकड़ी जिले में वर्तमान स्थिति और क्षमता के अनुरूप निवेश की संभावनाओं को लेकर चल रही प्रगति संतोषजनक दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग 500 करोड़ से अधिक के सहमति पत्र निवेशकों से प्राप्त हो चुके हैं। साथ ही अधिक निवेश को आकर्षित करने के लिए अभी भी लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।

सबसे पहले और सटीक खबरें पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

👉 अभी ज्वाइन करें (Join Now)
केकड़ी में राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टर समिट का जिलास्तरीय कार्यक्रम इसी माह 28 अक्टूबर को अजमेर रोड़ स्थित कटारिया ग्रीन परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जमीनी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। समीक्षा बैठक में उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक एवं रीको के अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न विभागों को निवेशकों के साथ एमओयू करवाने हेतु लक्ष्य आवंटित किये गए हैं, ताकि जिले में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित किये जा सकें।

जिला कलेक्टर चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम की जिले में सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिले में निवेशकों, उद्योगपतियों, औद्योगिक संगठनों और केकड़ी के जो प्रवासी उद्योगपति व निवेशक हैं, उनसे सम्पर्क स्थापित करने और उन्हें भी इस अभियान में शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सकारात्मक भूमिका अदा करने के लिए कहा गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि ये एमओयू जमीनी स्तर पर क्रियान्वित हो व उद्योग धंधे वास्तविक रूप में आकार लें।

उन्होनें कहा कि इसके लिए उचित सहयोग के साथ उद्यमियों का स्वागत किया जा रहा है। हमारी कोशिश है कि ये उद्योग धंधे फलीभूत हो ताकि अर्थव्यवस्था मजबूत हो व क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित हों।कार्यक्रम की सफल क्रियान्विति के लिए जिला कलेक्टर ने होर्डिंग्स, पम्पलेट, डिजिटल स्क्रीन, पीपीटी, वीडियो फिल्म संबंधी कार्य के लिए रीको, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिये हैं। वहीं सफाई व्यवस्था के लिए नगर परिषद के अधिकारियों को ताकीद किया गया है।

बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक कुलदीप बरसर ने जिला कलेक्टर को अवगत कराया कि राज्य सरकार की मंशानुरूप कार्यक्रम की जिले में सफलता सुनिश्चित करने के लिए इन्वेस्टर्स, उद्योग संघ, व्यापार मंडल, एसोसिएशन के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों के साथ निरन्तर सम्पर्क कर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार के इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाने की दिशा में कार्य निरन्तर जारी रहेगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी, सहायक वाणिज्य कर अधिकारी भगवान सिंह, सहायक खनिज अधिकारी संजय शर्मा, सहायक अभियंता विक्रम जोरवाल, कृषि मंडी सचिव उमेश चंद्र शर्मा, रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक व उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित कई अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। बैठक में लघु उद्योग भारती एवं अन्य स्थानीय उद्योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com