उत्तराखंड में तीलू रौतेली पुरस्कार समारोह सम्पन्न, 13 महिलाओं और 33 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को सम्मान

देहरादून, 4 सितंबर 2025 – महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग उत्तराखंड की ओर से तीलू रौतेली के सम्मान में आयोजित राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार वितरण कार्यक्रम (2024-25) एवं राज्य स्तरीय आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार (2024-25) का आयोजन देहरादून स्थित IRDT सभागार सर्वे चौक में हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रहे, जबकि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक खजान दास ने की। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

13 महिलाओं और 33 आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को सम्मान

इस अवसर पर राज्यभर की 13 महिलाओं को साहित्य, कला, विज्ञान, खेल, समाज सेवा और साहसिक कार्यों जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी प्रकार 33 आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को भी उनकी सेवाओं और समर्पण के लिए राज्य स्तरीय आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार दिया गया।

पुरस्कार विजेताओं को ₹51,000 की धनराशि, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। यह पुरस्कार राज्य में महिला शक्ति को आगे बढ़ाने और आंगनवाड़ी सेवाओं में श्रेष्ठ कार्य को प्रोत्साहित करने का प्रतीक माना जाता है।

मुख्यमंत्री धामी का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा—
“यदि यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा, तो इसमें महिलाओं की मुख्य भागीदारी रहेगी। हमारी बालिकाएं और मातृशक्ति राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।”

उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड की महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।

मंत्री रेखा आर्या का संबोधन

 

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह पुरस्कार केवल सम्मान ही नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली की वीरता और त्याग की स्मृति में दिया जाने वाला यह सम्मान राज्य की महिलाओं को और प्रेरित करता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण ट्रैकर ऐप की शुरुआत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नवाचार आंगनबाड़ी सेवाओं को और मजबूत करेगा।

आंगनवाड़ी पुरस्कार के मानदंड

आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को यह पुरस्कार तभी दिया जाता है जब वे कम से कम 5 वर्ष से लगातार सेवा दे रही हों, उनके केंद्रों में निर्धारित संख्या में बच्चे पंजीकृत हों, पोषण ट्रैकर ऐप में सभी बच्चों का पंजीकरण हो, और केंद्रों में साफ-सफाई, पोषण व स्वास्थ्य दिवसों का नियमित आयोजन किया गया हो।

आयोजन में बड़ी संख्या में मौजूद रहीं महिलाएं

समारोह में सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बी.एल. राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *