उत्तराखंड बीजेपी के लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनेंगे महेंद्र भट्ट, CM धामी बोले- अनुभव का मिलेगा लाभ

भारतीय जनता पार्टी को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है. बता दें महेंद्र भट्ट को लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी है. उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी को सोमवार को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है. महेंद्र भट्ट को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. बता दें भट्ट लगातार दूसरी बार इस पद पर काबिज हुए हैं. ऐसा करने वाले महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के पहले नेता बन गए हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस मौके पर कार्यक्रम में मौजूद रहे. माना जा रहा है कि महेंद्र भट्ट को दोबारा कमान सौंपे जाने के पीछे धामी का भी बड़ा समर्थन रहा है, क्योंकि भट्ट को मुख्यमंत्री का करीबी नेता माना जाता है. सीएम धामी ने ही महेंद्र भट्ट के नाम की सिफारिश केंद्र के सामने की थी.

प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगने के साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई है. जिन चेहरों को राष्ट्रीय परिषद में जगह मिली है, उनमें रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, अजय भट्ट, माला राज्यलक्ष्मी शाह, कल्पना सैनी और अजय टम्टा शामिल हैं.

सीएम धामी ने निर्विरोध निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को बधाई दी. सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि महेंद्र भट्ट ने बेहद सहजता और सरलता के साथ संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाया है. संगठन की सबसे बड़ी मजबूती कार्यकर्ता है. सीएम ने कहा प्रदेश अध्यक्ष के सामने कई बड़ी चुनौतियां होती है. जिन्हें महेंद्र भट्ट ने बखूबी निभाया है.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा जब किसी कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देती है, तो उसे खुद को साबित करने का पूरा अवसर भी देती है. उन्होंने कहा, इसका सबसे बड़ा उदाहरण मैं स्वयं हूं. माना जा रहा है कि उनका यह बयान समय से पहले पद से हटाए गए नेताओं को एक साफ संदेश था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *