उत्तरकाशी, 8 अक्टूबर 2025 — उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तरकाशी जिला प्रशासन पूरी तैयारी में जुट गया है। जिलाधिकारी उत्तरकाशी के निर्देश पर इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस को सात दिवसीय “राज्य स्थापना रजत जयंती उत्सव” के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल ने सोमवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें आगामी 2 नवम्बर से 9 नवम्बर 2025 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बैठक में सीडीओ सेमवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह आयोजन केवल औपचारिकता न रह जाए, बल्कि इसे आम जनता की भागीदारी से एक जन-उत्सव के रूप में मनाया जाए।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों का मुख्य केंद्र रामलीला मैदान रहेगा, जहाँ प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से विविध आयोजन होंगे। इस दौरान 17 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याण कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा।
सीडीओ सेमवाल ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के गौरव, विकास और पहचान का प्रतीक है। इसलिए सभी विभाग अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाएं और स्थानीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं को मंच पर प्रमुखता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देकर सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, गढ़ भोज फूड फेस्टिवल, पोषण मेला, और भजन संध्या जैसे आयोजन रंगारंग बनाएं।
डीएम के मार्गदर्शन में पूरे जनपद में इस दौरान रोजगार मेला, खेल प्रतियोगिताएं, दीपोत्सव, गंगा आरती, और साहित्यिक गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों, खिलाड़ियों, विद्यालयों और साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।
सीडीओ सेमवाल ने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर चौपालें लगाई जाएंगी, जहाँ ग्रामीणों की समस्याओं पर सीधे संवाद होगा। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा शिलान्यास, लोकापर्ण और स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे।
बैठक में परियोजना निदेशक अजय सिंह, जिला विकास अधिकारी रमेशचंद्र, सीओ जनक पंवार, सीएचओ डॉ. रजनीश सिंह, सीएओ एस.एस. वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी, सहायक निदेशक डेयरी पीयूष आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी के.के. जोशी, और महाप्रबंधक उद्योग शैली डबराल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम उत्तरकाशी ने कहा कि रजत जयंती सप्ताह प्रदेश की एकता, प्रगति और संस्कृति का उत्सव होगा। वहीं सीडीओ सेमवाल ने कहा कि जिला प्रशासन इसे ऐतिहासिक आयोजन बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा।