हरिद्वार, 21 सितंबर 2025 – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार स्थित प्रेम आश्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के लिए बाबा केदारनाथ और भगवान बद्रीविशाल से प्रार्थना की।
समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं को नवरात्रि पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व शक्ति की उपासना का प्रतीक है और हम सभी को नई ऊर्जा, भक्ति और सेवा भावना प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “आज का यह भव्य आयोजन सतपाल महाराज के प्रति जनता के स्नेह, श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। उनके कार्यों ने समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा और लोककल्याण का संदेश फैलाया है, जो जनमानस के हृदय में गहरी छाप छोड़ता है।”

उन्होंने बताया कि सतपाल महाराज ने राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा, संस्कृति संरक्षण और उत्तराखण्ड राज्य निर्माण में सक्रिय योगदान दिया है। उनका जीवन सेवा, त्याग और परोपकार की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “महाराज समाज में समरसता, प्रेम और भाईचारे के प्रेरक संदेशवाहक हैं। उनके नेतृत्व में ‘मानव सेवा एवं उत्थान समिति’ देशभर में सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के क्षेत्र में अत्यंत सराहनीय कार्य कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने सतपाल महाराज के पर्यटन, संस्कृति और तीर्थाटन विकास में योगदान की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा, मानसखंड कॉरिडोर और अन्य तीर्थ स्थलों के पुनरुत्थान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से उत्तराखण्ड को बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन और राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार जैसे सम्मान प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे यह सौभाग्य प्राप्त हुआ कि मैंने उनके जीवन और कार्यों को निकट से देखा है। वे एक कर्मयोगी हैं, जिन्होंने आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्र सेवा का भी व्रत लिया है।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों को बधाई दी गई और उपस्थित श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया कि वे सतपाल महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा, आस्था और राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक रुड़की प्रदीप बत्रा, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री राकेश गिरी, ओम प्रकाश जमदग्नि, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, संगठन महामंत्री अजय कुमार, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, श्रद्धेय महाराज, सुयश महाराज, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित बड़ी संख्या में संत, महात्मा, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और सामाजिक सेवा गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिससे समारोह की गरिमा और बढ़ गई।