मुख्यमंत्री धामी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर किया माल्यार्पण, विचारों को बताया विकास की प्रेरणा

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर दीनदयाल पार्क, देहरादून में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने उपाध्याय जी के विचारों और जीवन दर्शन को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए जीवन समर्पित किया। उनकी शिक्षाएं और आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार उपाध्याय जी के अंत्योदय के संकल्प से प्रेरित होकर विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन श्री बी.एल. संतोष, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, विधायक श्री खजान दास समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *