उत्तराखंड में मौसम का मिजाज मंगलवार को भी बेहद खराब बना रहेगा। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी हिस्सों में जलभराव के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में मूसलाधार बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।
बारिश से पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका है। प्रशासन ने पर्यटकों को फिलहाल संवेदनशील और भूस्खलन-प्रवण मार्गों से बचने की सलाह दी है।