पुलिस ने गुजरात जा रही सवा करोड़ की शराब पकड़ी, 1031 पेटियां बरामद

राजस्थान के कोटा जिले की ग्रामीण पुलिस ने शराब तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। इस पंजाब निर्मित शराब को गुजरात तस्करी कर ले जाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों में भरी हुई अवैध शराब की 1031 पेटियां को बरामद किया है। दोनों ट्रकों में कंटेनर में शराब रखी थी। दोनों ट्रकों के चालकों को गिरफ्तार किया गया है। इस शराब की कीमत सवा करोड़ रुपए बताई गई है।

कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि कनवास थाने ने नेशनल हाइवे 52 पर मोरुकलां चौकी के नजदीक कार्रवाई की है। कनवास थाना अधिकारी श्यामाराम राम विश्नोई सहित जाप्ते ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस मामले में गुजरात पासिंग दो ट्रैकों को रुकवाया गया। इनमें पंजाब निर्मित अलग-अलग ब्रांड की शराब मिली थी। जिस पर ट्रक चालक जोधपुर जिले के निवासी ओमाराम और बाड़मेर के अमराराम को गिरफ्तार किया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है कि इस मामले में कौन-कौन संलिप्त हैं। इस संबंध में भी पड़ताल की जाएगी।

कनवास थानाधिकारी श्यामाराम ने बताया कि दोनों ट्रकों में एल्युमिनियम का कंटेनरनुमा बॉक्स रखा हुआ था। जिसे आगे की तरफ ऐसा बना रखा था, ताकि वह कोई मशीन लगे और उसे देखकर भ्रमित हो जाए। इसमें स्विच भी लगाए हुए थे। यहां तक की कांच का दरवाजा भी इस तरह से लगा रखा था कि यह पूरा कंटेनर एक मशीन ही लगे, लेकिन जब इसको खोलकर देखा गया तो अंदर शराब रखी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *