देहरादून में आधुनिक वैक्यूम बेस्ड रोड स्वीपिंग मशीनों की एंट्री, स्वच्छता में बड़ा बदलाव

देहरादून
राजधानी देहरादून में स्वच्छता को लेकर नगर निगम ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। शहरवासियों को स्वच्छ, आधुनिक और प्रदूषणमुक्त वातावरण देने की दिशा में नगर निगम देहरादून ने अत्याधुनिक वैक्यूम बेस्ड रोड स्वीपिंग मशीनों को अपने बेड़े में शामिल कर लिया है। यह पहल राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत की गई है और इसे देहरादून की स्वच्छता व्यवस्था में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित मशीनें

नई रोड स्वीपिंग मशीनें पूरी तरह स्टेट ऑफ द आर्ट टेक्नोलॉजी से लैस हैं। अब तक इनका इस्तेमाल केवल देश के चुनिंदा बड़े शहरों तक सीमित था, लेकिन अब देहरादून भी इस सूची में शामिल हो गया है।
इन मशीनों की खासियत यह है कि ये सड़क पर जमी धूल, कचरा और प्रदूषणकारी तत्वों को वैक्यूम तकनीक से खींच लेती हैं। इसका सीधा फायदा यह होगा कि न केवल सड़कों की सफाई बेहतरीन तरीके से होगी, बल्कि शहर की हवा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।

नागरिकों के लिए बड़ी राहत

वैक्यूम मशीनों के उपयोग से सड़क किनारे उड़ने वाली धूलकणों पर नियंत्रण होगा। इससे न केवल प्रदूषण का स्तर घटेगा बल्कि शहरवासियों को स्वच्छ हवा भी मिलेगी। खासकर दमा और श्वसन संबंधी रोगियों के लिए यह तकनीक बेहद राहत देने वाली साबित होगी।

मेयर और नगर आयुक्त का विज़न

नगर निगम देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने इस अवसर पर कहा—
“यह कदम देहरादून को आधुनिक और स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। हमारी प्राथमिकता है कि शहर की जनता को साफ-सुथरा वातावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता मिले।”

वहीं नगर आयुक्त नमामि बंसल ने कहा—
“वैक्यूम बेस्ड मशीनों से न सिर्फ सड़कों की सफाई अधिक प्रभावी होगी बल्कि यह मशीनें समय और संसाधनों की भी बचत करेंगी। आने वाले समय में निगम और भी आधुनिक उपकरणों को शामिल करने की दिशा में काम करेगा।”

ग्रीन और क्लीन देहरादून की ओर

देहरादून पहले से ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत अपनी अलग पहचान बना चुका है। अब वैक्यूम रोड स्वीपिंग मशीनों की एंट्री से नगर निगम की कार्यक्षमता और बढ़ जाएगी। यह पहल न केवल स्वच्छता बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी अहम साबित होगी और शहर को ग्रीन और क्लीन देहरादून के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *