उत्तरकाशी के धराली गांव में हाल ही में घटित बादल फटने की भीषण घटना ने पूरे उत्तराखंड को हिला कर रख दिया है। खीरगंगा नदी के उफान में बह गए घर, दुकानें और होटल… हर ओर तबाही का मंजर है। इस प्राकृतिक त्रासदी के बीच उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि धराली क्षेत्र में बादल फटने से हुई जन-धन की भारी क्षति का समाचार अत्यंत मर्मांतक है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति गंभीर संवेदना प्रकट की और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
“मैं ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करती हूँ तथा दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूँ,” उन्होंने कहा। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि “यह समय धैर्य, एकजुटता और मानवीय सेवा की भावना से एक-दूसरे के साथ खड़े होने का है।”
विधानसभा अध्यक्ष का यह संवेदनात्मक संदेश न केवल जनप्रतिनिधियों को बल्कि आमजन को भी प्रेरित करता है कि इस आपदा की घड़ी में हरसंभव सहायता के लिए आगे आएं। राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन पहले से सक्रिय है, लेकिन ऐसे समय में जनसहयोग और संवेदना भी उतनी ही ज़रूरी है।
उत्तरकाशी की इस त्रासदी ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि प्रकृति के साथ तालमेल बनाए रखना और पर्वतीय क्षेत्रों में सतत विकास की नीतियों को अपनाना अब केवल विकल्प नहीं, ज़रूरत बन चुका है।